logo

विधानसभा स्थापना दिवस समारोह में बोले CM हेमंत, लोकतंत्र की महापंचायत को बचाने में पक्ष-विपक्ष की भूमिका अहम  

hemantsoren15.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची 

22 नवंबर को झारखंड विधानसभा की 23वीं वर्षगांठ मनायी गयी। रांची के धुर्वा इलाके में झरखंड विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री और राज्यपाल सीपी राधाकृष्णनन की मौजूदगी में स्थापना दिवस समारोह संपन्न हुआ। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वर्तमान समय में विधानसभा के महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि राज्य की सबसे बड़ी पंचायत विधानसभा होती है। यहां सिर्फ आमजन ही नहीं बल्कि इस राज्य के जल, जंगल और जमीन के लिए भी महापंचायत लगती है। यहां से नीतियां बनती है। आम लोगों के साथ-साथ जीव जंतुओं के लिए भी विचार विमर्श होता है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसकी महत्ता क्या है। 


विधानसभा की जड़ों को मजबूत करने में पक्ष-विपक्ष की भूमिका अहम 

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस महापंचायत में विधायकों की अहम भूमिका होती है। हजारों लाखों लोग आशा और उम्मीद के साथ अपना जनप्रतिनिधि भेजते हैं। हर हाल में लोकतंत्र की इस महापंचायत को टूटने और नुकसान से बचाना होगा। इसकी जड़ों को और मजबूत करते हुए बाबा भीमराव अंबेडकर के संविधान, जिसको लेकर हम यहां तक आए हैं, उसको और आगे लेकर जाना है। मुख्यमंत्री ने कहा सही तरीके से महापंचायत में पंचायती हो, इसके लिए पक्ष और विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि हम देश की आजादी के 75वें वर्ष और झारखंड अलग राज्य के 23वें वर्ष में प्रवेश कर चुके हैं। ऐसे में अगर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के समय के लोकतंत्र को देखें तो इसमें बहुत बदलाव हुए हैं। इस क्रम में हमने क्या खोया, क्या पाया, यह भी देखना होगा। 

स्थापना दिवस समारोह में इन्हें किया गया सम्मानित 

विधानसभा के उत्कृष्ट कर्मियों, देश की सीमा पर एवं नक्सल अभियान में शहीद हुए तथा शांतिकाल में वीरता पदक प्राप्त झारखंड राज्य के बहादुर पुलिस कर्मियों एवं सैनिकों, झारखंड राज्य के खिलाड़ियों, झारखंड राज्य के 10वीं एवं 12वीं एवं अन्य शैक्षणिक संस्थान के टॉपर छात्र/छात्राओं, सामाजिक क्षेत्रों में बहुमूल्य योगदान देने वाले राष्ट्रपति पदक से सम्मानित व्यक्तियों एवं मिशन चन्द्रयान-3 में सम्मिलित झारखंड राज्य के वैज्ञानिकों को राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री ने शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर त्रैमासिक पत्रिका उड़ान एवं अन्य पुस्तक का विमोचन भी हुआ।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N