द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। झारखंड कांग्रेस 33 सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार है। 2019 में कांग्रेस ने 31 सीटों पर पार्टी ने प्रत्याशी उतारे थे। विधानसभा उपचुनाव में मांडर में जीत मिली और पोड़ैयाहाट से झाविमो विधायक प्रदीप यादव कांग्रेस में शामिल हो गये, ऐसे में पार्टी ने इन सभी 33 सीटों पर चुनाव की तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया है।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने पार्टी के पदाधिकारियों को इसके निर्देश दिये हैं। मौके पर प्रदेश प्रभारी मीर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में आए परिणामों की समीक्षा के लिए लोकसभा वार कमेटी बनाई जा रही है। यह कमेटी 15 दिनों में लोकसभा वार रिपोर्ट देगी। इसमें जिन सीटों पर जीत नहीं मिल सकी उसके कारण तलाशेंगी। किस विधानसभा या किस बूथ पर किनके वोट कम मिले उसे भी देखा जाएगा।

पार्टी यहां देखेगी कि हम कहां मजबूत हैं और कहां कमजोर मीर
गुलाम अहमद मीर ने कहा कि कांग्रेस झारखंड विधानसभा सीटों पर जहां चुनाव लड़ी थी, उन बुनियादी सीटों पर तैयारी शुरू कर रही है। पार्टी यहां देखेगी कि हम कहां मजबूत हैं और कहां कमजोर हैं। कमियों को दूर किया जाएगा और सशक्त बनाया जाएगा। सहयोगी दल जिन सीटों पर चुनाव लड़े थे, जहां वे जीते या हारे उसे वे देखेंगे। सीटों के बंटवारे पर अंतिम निर्णय चुनाव पूर्व लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2019 के चुनावी घोषणापत्र में कांग्रेस की ओर से किये वादे कितने पूरे हो सके हैं और कितनों को पूरा करना बाकि है उसे जल्द से जल्द अमलीजामा पहनाया जाएगा। इसके बाद भी कांग्रेस जनता के बीच वोट मांगने जा सकेगी। आपको बता दें कि 2019 के चुनाव में झामुमो 43, कांग्रेस 31 और राजद ने सात सीटों पर चुनाव लड़ा था।