logo

Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय, क्या हैं मुलाकात के सियासी मायने! 

avinashpande6.jpg

रांची: 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव और झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। अविनाश पांडेय ने कांके रोड स्थित सीएम आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया। इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी मौजूद थे। 

कांग्रेस का प्रमंडलीय स्तर सम्मेलन
बता दें कि इन दिनों झारखंड कांग्रेस प्रभारी अलग-अलग प्रमंडलों में जाकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद कर रहे हैं। पार्टी ने इसे संवाद कार्यक्रम कहा है। इसमें अविनाश पांडेय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को ये संदेश दे रहे हैं कि वे अपनी शिकायतों को पार्टी फोरम में उठायें। कांग्रेस संगठन की मजबूती के साथ-साथ सरकार से समन्वय की बात भी कर रही है। बीते काफी समय से कई मोर्चों पर झामुमो और कांग्रेस के बीच समन्वय का अभाव दिखा है। 

झामुमो-कांग्रेस में समन्वय का अभाव
गिरिडीह के पारसनाथ में आयोजित हालिया चिंतन शिविर में कांग्रेस के कई विधायकों और मंत्रियों ने ये आरोप लगाया था कि सरकार में उनकी सुनी नहीं जा रही। यही नहीं, दीपिका पांडेय सिंह ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस कोटे के मंत्रियो द्वारा किए गये कार्यों का क्रेडिट मुख्यमंत्री खा जाते हैं। बन्ना गुप्ता ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कांग्रेस को खा जाना चाहते हैं। गौरतलब है कि इसी सिलसिले में लगातार संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 

इस मुलाकात का क्या परिणाम निकलेगा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय की मुलाकात को सरकार औऱ संगठन के बीच समन्वय स्थापित करने की कोशिश के तौर पर ही देखा जायेगा। इसमें विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर का शामिल होना भी काफी अहम माना जा रहा है। देखना होगा कि ये मुलाकात कितना सकारात्मक संदेश लायेगी।