logo

इरफान अंसारी कल लेंगे मंत्रिपद की शपथ, मिल सकता है ये मंत्रालय

a3214.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

जामताड़ा से कांग्रेस पार्टी के विधायक इरफान अंसारी कल मंत्रिपद की शपथ लेंगे। नई हेमंत सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में एक नाम इरफान अंसारी का तय है। दरअसल, 4 जुलाई को हेमंत सोरेन ने झारखंड की मौजूदा गठबंधन सरकार के कार्यकाल में दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चंपाई सोरेन के इस्तीफे से कैबिनेट भंग हो गई थी इसलिए, नए सिरे से मंत्रिमंडल का गठन होगा। इसमें इरफान अंसारी का नाम मंत्री के रूप में तय है। वह कल विधानसभा में बहुमत परीक्षण के बाद राजभवन में मंत्रिपद की शपथ लेंगे। दरअसल, टेंडर कमीशन घोटाला में आलमगीर आलम की गिरफ्तारी और फिर मंत्रिपद से इस्तीफे के बाद कांग्रेस कोटे के 3 ही मंत्री रह गये थे। आलमगीर आलम की जगह नया मंत्री बनाया जाना था। अब अल्पसंख्यक समुदाय से इरफान अंसारी ही एकमात्र विधायक हैं, इसलिए उनका मंत्री बनना तय है। इसके अलावा भी कुछ नये चेहरे दिख सकते हैं। 

हेमंत सोरेन ने 4 जुलाई को ली सीएम पद की शपथ
गौरतलब है कि झारखंड में तेजी से बदलते सियासी घटनाक्रम में 2 फरवरी 2023 को मुख्यमंत्री का पद संभालने वाले चंपाई सोरेन ने 2 जुलाई को इस्तीफा दे दिया। 4 जुलाई को जेल से छूटे हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। हेमंत सोरेन को कथित जमीन घोटाला केस के आरोप में ईडी ने 31 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने गिरफ्तारी के तुरंत बाद इस्तीफा दे दिया था। उनकी जगह वरीय झामुमो नेता और सियासत में कोल्हान टाइगर के नाम से मशहूर चंपाई सोरेन को मुख्यमंत्री बनाया गया था।

 

कल विधानसभा में बहुमत साबित करेगी हेमंत सरकार
कल विधानसभा के विशेष सत्र में हेमंत सोरेन सरकार बहुमत साबित करेगी। इसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार होगा। नये मंत्री कल ही राजभवन में शपथ ग्रहम करेंगे। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। बता दें कि झारखंड में विधानसभा का चुनाव अब महज 3 महीने ही दूर है। 

Tags - Irfan AnsariCongress MLAHemant Soren GovernmentRanchiJharkhand News