logo

कांग्रेस ने और 3 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किया : गोड्डा से दीपिका पांडेय सिंह तो चतरा में केएन त्रिपाठी लड़ेंगे चुनाव; धनबाद से अनुपमा सिंह होंगी उम्मीदवार

a4211.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

कांग्रेस पार्टी ने झारखंड के 3 और संसदीय सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने गोड्डा संसदीय सीट से महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह, चतरा लोकसभा सीट से पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी और धनबाद में बेरमो विधायक अनूप सिंह की पत्नी अनुपमा सिंह को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस इससे पहले लोहरदगा, खूंटी और हजारीबाग में प्रत्याशी का ऐलान कर चुकी है। लोहरदगा में सुखदेव भगत, हजारीबाग में जेपी पटेल और खूंटी में कालीचरण मुंडा को टिकट दिया है। बता दें कि अभी भी रांची लोकसभा सीट पर प्रत्याशी के नाम का ऐलान बाकी है। बता दें कि लंबे समय से इन तीन सीटों पर प्रत्याशियों के नाम को लेकर माथापच्ची चल रही थी। विपक्ष द्वारा लगातार तंज भी किया जा रहा था कि उन्हें उम्मीदवार नहीं मिल रहा। 

गौरतलब है कि गोड्डा लोकसभा सीट पर कांग्रेस की दीपिका पांडेय सिंह का मुकाबला, बीजेपी के निशिकांत दुबे से होगा। निशिकांत दुबे ने गोड्डा में 2009 से लेकर 2019 तक लगातार तीन बार जीत दर्ज की है। धनबाद में अनुपमा सिंह के सामने बीजेपी के ढुल्लू महतो हैं वहीं चतरा लोकसभा सीट पर केएन त्रिपाठी का सीधा मुकाबला बीजेपी के कालीचरण सिंह से होगा। 

गोड्डा में मुकाबला दिलचस्प होगा क्योंकि दीपिका पांडेय सिंह और निशिकांत दुबे में अक्सर जुबानी जंग होती है। दीपिका पांडेय सिंह अक्सर, निशिकांत दुबे की शैक्षणिक डिग्री को लेकर सवाल उठाती हैं वहीं निशिकांत दुबे भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्हें घेरते हैं। अब, जबकि दोनों आमने-सामने हैं तो आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला और भी ज्यादा चलेगा। धनबाद में अनुपमा सिंह कांग्रेस की प्रत्याशी होंगी। यहां उनका मुकाबला बीजेपी के ढुल्लू महतो से है। अनुपमा सिंह, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह की पुत्रवधू और बेरमो विधायक अनूप सिंह की पत्नी हैं। वह, धनबाद में कांग्रेस की महिला समर्थकों के बीच खासी लोकप्रिय हैं। 
 

Tags - Dipika Pandey SinghKN TripathiAnupama SinghJharkhand News