रांची
झारखंड में कांग्रेस पार्टी ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूती देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला कांग्रेस कमेटियों के नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी है।
नई नियुक्तियों के साथ कई विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को भी जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय बेहतर हो सके। सूची में विधायक भूषण बाड़ा, विधायक ममता देवी और जेपी पटेल आदी के नाम हैं। बता दें कि AICC के निर्देश पर पहले प्रत्येक जिले में ऑब्जर्वरों की नियुक्ति की गई थी, जिन्होंने वहां के पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और अन्य स्थानीय नेताओं से संवाद कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की। इन रिपोर्टों के आधार पर पार्टी नेतृत्व ने ऑब्जर्वरों के साथ एक-एक कर चर्चा की और वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श कर जिला अध्यक्षों के नामों पर मुहर लगाई। सूत्रों के अनुसार, इस बार संगठन में युवाओं और जमीनी कार्यकर्ताओं को भी खास तवज्जो दी गई है, ताकि पार्टी की पहुंच आम जनता तक सीधे हो सके।