रांची
पूर्व वित्त मंत्री एवं लोहरदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, रांची में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए "वोट चोरी" के खिलाफ चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के तहत जुटाए गए 26 हजार दस्तावेज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को सौंपे। इस मौके पर कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, कार्यालय के सह प्रभारी राजन वर्मा, तथा वरिष्ठ नेता खुर्शीद हसन रूमी भी मौजूद थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि यह अभियान कांग्रेस के देशव्यापी तीन-चरणीय आंदोलन का हिस्सा है। इसके तीसरे चरण "वोट चोर, गद्दी छोड़" हस्ताक्षर अभियान को 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2025 तक चलाया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर जनता से सीधा संवाद स्थापित किया और केंद्र सरकार पर लगाए गए "वोट चोरी" के आरोपों के खिलाफ जनसमर्थन जुटाया।

उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य राज्य में 25 लाख हस्ताक्षर जुटाना है। ज़िला, ब्लॉक और मंडल स्तर पर पदाधिकारी इस अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन इसकी असली ताकत कार्यकर्ताओं और आम जनता की भागीदारी से ही आएगी।”
विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “वोट की चोरी के ज़रिए यह सरकार जनता का शोषण कर रही है। अब कांग्रेस और जनता मिलकर इसका जवाब देगी और मोदी सरकार को गद्दी से उतारेगी।” डॉ. उरांव ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अभियान के तहत घर-घर जाकर केंद्र सरकार की नीतियों से उत्पन्न समस्याओं और जनता पर पड़ रहे प्रभावों के बारे में जानकारी दी।
