logo

मानदेय वृद्धि और बकाया भुगतान की मांग लेकर रांची रवाना हुईं गोड्डा की रसोइया दीदियां, विधानसभा के सामने देंगी धरना

मानदेय वृद्धि और बकाया भुगतान की मांग लेकर रांची रवाना हुईं गोड्डा की रसोइया दीदियां, विधानसभा के सामने देंगी धरना

गोड्डा:

झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ के बैनर तले राजधानी रांची में 25-26 नवंबर को रसोइया दीदियां 2 दिवसीय धरना प्रदर्शन करेंगी। यह धरना प्रदर्शन विधानसभा भवन के सामने प्रस्तावित है। दरअसल, इन्हीं 2 दिनों में झारखंड विधानसभा का 2 दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया है, जहां सरकार खान एवं खनिज संशोधन विधेयक-2026 और विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) पर चर्चा करना चाहती है। मंगलवार को गोड्डा जिले से 300 से ज्यादा रसोइया दीदियां  रांची के लिए रवाना हुईं, जहां संघ के प्रदेश सचिव मनोज कुमार कुशवाहा ने उन्हें विदा किया। इस दौरान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष भुंडा बास्की भी मौजूद रहे। 

रसोइया दीदियों का राज्यव्यापी आंदोलन
प्रदेश सचिव मनोज कुमार कुशवाहा और प्रदेश उपाध्यक्ष भुंडा बास्की ने बताया कि झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ (एक्टू),AICCTU के समर्थन से अपनी मांगों को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन कर रहा है। इसके तहत 24 से 27 नवंबर तक राज्यभर की रसोइया दीदियां हड़ताल पर रहेंगी। वहीं, 25 और 26 नवंबर को रांची के कुटे मैदान में झारखंड विधानसभा के समक्ष 2 दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। बताया कि पिछले करीब 22 वर्षों से रसोइया दीदियां सरकारी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना के तहत बच्चों के लिए भोजन तैयार करने और उन्हें खिलाने की जिम्मेदारी निभा रही हैं। इसके बावजूद उन्हें आज तक सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है। उन्हें अनुबंध कर्मचारी के रूप में मान्यता नहीं दी गई है। संघ का कहना है कि लंबे समय तक सेवा देने के बावजूद उन्हें सम्मानजनक मानदेय और आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

दिहाड़ी मजदूरों के जितना पैसा भी नहीं पातीं दीदियां
रसोइया संघ ने आरोप लगाया कि दीदियों को दिहाड़ी मजदूरों के बराबर भी मजदूरी नहीं मिलती है। कई बार लिखित समझौता होने के बावजूद मांगों को लागू नहीं किया गया। इतना ही नहीं, 60 वर्ष की उम्र पूरी होने का हवाला देकर सैकड़ों रसोइया दीदियों को काम से हटाया जा रहा है।

छह सूत्री मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई
संघ की ओर से छह प्रमुख मांगें उठाई गई हैं। इनमें रसोइया दीदियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने तथा जब तक यह दर्जा नहीं मिलता, तब तक न्यूनतम 42 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने की मांग शामिल है। इसके अलावा सभी रसोइया दीदियों का डाटाबेस तैयार कर नियुक्ति नियमावली बनाने, साल में दो सेट सूती ड्रेस के लिए प्रतिवर्ष 2,000 रुपये देने तथा पेंशन और बीमा की सुविधा लागू करने की मांग की गई है।

संघ ने यह भी मांग की है कि नियुक्ति नियमावली, पेंशन और बीमा की व्यवस्था होने तक 60 वर्ष की उम्र का हवाला देकर किसी भी रसोइया को काम से नहीं हटाया जाए। साथ ही, रसोइया दीदियों को प्रताड़ित करने वाले शिक्षकों के खिलाफ न्यायसंगत कार्रवाई हो तथा प्रत्येक महीने की पांच तारीख तक मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

 फरवरी 2027 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की तैयारी
रसोइया संघ ने राज्य सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान नहीं निकाला गया, तो फरवरी 2027 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। संघ के नेताओं का कहना है कि वर्षों से विद्यालयों में बच्चों के भोजन की जिम्मेदारी निभाने वाली रसोइया दीदियां अब अपने अधिकार, सम्मान और उचित मानदेय के लिए निर्णायक आंदोलन करने को मजबूर हैं।

Tags - Jharkhand NewsRasoiyaGodda NewsMid Day Meal SchemeJharkhand Government