नंदलाल तुरी
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) पाकुड़ जिला कमेटी ने शनिवार को अनुमंडल कार्यालय के समीप जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों और किसानों की उपेक्षा के खिलाफ नारेबाजी की। धरना का नेतृत्व जिला सचिव गोपिन सोरेन और नादिर हुसैन ने किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने अनुमंडल पदाधिकारी को नौ सूत्री मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में प्रमुख रूप से धान क्रय केंद्रों को चालू करने, किसानों को नगद भुगतान की व्यवस्था करने, खाद, बीज और दवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने, दाखिल-खारिज में हो रही धांधली पर रोक लगाने, ऑफलाइन आवेदन की सुविधा बहाल करने, किसानों के कर्ज माफ करने, बिजली आपूर्ति में सुधार करने, विधवा पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ दिलाने, पंचायत स्तर पर सिंचाई हेतु डीप बोरिंग की व्यवस्था करने और अस्पतालों में डॉक्टर तथा दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
