द फॉलोअप डेक्स
जमशेदपुर में बेलगाम अपराधियों ने फिर से एक बार अपने बढ़ते हौसले का परिचय दिया है। शहर में चोरी-छिनतई जैसी घटनाएं तो आम हैं। अपराधी सरेआम बड़ी वारदातों को धड़ल्ले से अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला मंगलवार शाम जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में घटा है। जहां बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने रवि यादव नामक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है।
घटना शाम करीब 5:30 बजे के आसपास कीताडीह के राजू बगान स्थित ग्वाला बस्ती में घटी है। बताया जा रहा है कि जिस युवक पर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की है, उसका घर पास में ही मौजूद है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक सवार दो की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने रवि यादव पर सात से आठ राउंड फायरिंग की। जिसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। इधर, घटनास्थल पर कई खोखे बिखरे पड़े हैं।
जबकि, घटना के बाद गंभीर रूप से जख्मी रवि यादव को परिजनों द्वारा पहले परसुडीह स्थित सदर अस्पताल ले जाया गया है, जहां से डॉक्टरों ने उसे टीएमएच रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। दूसरी ओर, स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना परसुडीह पुलिस को दी गई है। सूचना पर मौके पर परसुडीह और बागबेड़ा की पुलिस पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज को पुलिस द्वारा खंगाला जा रहा है।
