logo

CUJ में सरदार पटेल की 150वीं जयंती और 5वें एलुमनी मीट का भव्य आयोजन, निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला सम्मान

cuj_alumni.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय में भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती और 5वें एलुमनी मीट (पूर्व छात्रों की बैठक) का आज आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय और पूर्व छात्रों के बीच परस्पर सहयोग और समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से हुए इस आयोजन की शुरुआत कुलगीत से हुई और साथ ही राष्ट्रीय एकता दिवस के मद्देनजर लौह पुरुष सरदार पटेल के बहुमुल्य योगदान पर चर्चा की गई और उनकी जीवनी पर वीडियो लेजर शो की प्रस्तुति हुई। 
इस कार्यक्रम की शुरुआत कार्यकारी कुलपति, प्रो. रतन कुमार डे, पूर्ववर्ती छात्र संघ के अध्यक्ष, प्रो. मनोज कुमार (पर्यावरण विज्ञान विभाग), सचिव प्रो. मनोज कुमार (जीवन विज्ञान विभाग), कोषाध्यक्ष प्रो. आशीष सचान, मुख्य समन्वयक डॉ. भास्कर सिंह और समन्वयक डॉ. रत्नेश कुमार मिश्रा ने दीप प्रज्जवलन कर किया। इस दौरान पूर्ववर्ती छात्र बूकलेट का लोकार्पण करते हुए पूर्ववर्ती छात्रों के उपलब्धियों को दर्शाया गया। 
कार्यक्रम में स्वागत संबोधन देते हुए डॉ. भास्कर सिंह ने पूर्ववर्ती छात्रों और विश्वविद्यालय के बीच संबंध ऐसे आयोजनों की वजह से दोबारा खिल उठता है। वहीं पूर्ववर्ती छात्र संघ के सचिव प्रो. मनोज कुमार ने बताया कि चूंकि यह पांचवा एलुमनी मीट है और विश्वविद्यालय का एलुमनी संघ अभी किशोरावस्था में है और हम सभी को मिलकर इसको आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने पूर्ववर्ती छात्र संघ में छात्रों की अधिक भागीदारी का अनुरोध किया। पूर्ववर्ती छात्र संघ के अध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार ने बताया कि पूर्ववर्ती छात्र संघ, छात्र हितों के साथ ही सामाजिक कार्यों के प्रति भी प्रतिबद्ध है। वहीं संघ के कोषाध्यक्ष प्रो. आशीष सचान ने पूर्ववर्ती छात्रों को ब्रांड एंबेसडर बताया और उनके योगदान की प्रशंसा की। संबोधन श्रृंखला के अंत में कार्यकारी कुलपति प्रो. आर. के. डे ने अपने प्रभावी भाषण से सभी का हौसला बढ़ाया और भावनात्मक रूप से सभी को विश्वविद्यालय से जोड़ा। उन्होंने एलुमनी मीट और राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में सीयूजे के कुलपति प्रो. के. बी. दास के दूरदर्शी नेतृत्व को सराहा जिससे कि सीयूजे लगातार सफलता की और अग्रसर है।
भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय कई कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रम में निबंध प्रतियोगिता, रन फॉर यूनिटी, विशेष व्याख्यान और एक ऑडियो - वीडियो शो भी आयोजित किया गया। सीयूजे के प्रशासनिक भवन से रिंग रोड तक रन फॉर यूनिटी में भाग लेने वाले छात्रों, संकाय सदस्यों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के साथ कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम के सह-संयोजक, डॉ नीतेश भाटिया ने बताया कि इसके पूर्व 29 अक्टूबर 2025 को "राष्ट्रीय एकता दिवस भारत की ताकत का जश्न मनाने का दिन" विषय के साथ एक निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया था। जिसके विजेताओं के नाम की घोषणा आज की गई। विजेताओं के नाम हैं:  
1. माइकल वथानन आर (एमएससी. भूविज्ञान, सेमेस्टर III)
2. फराज़ खान (एमबीए सेमेस्टर I) और सुब्रत कुमार साहू (एमएससी भूविज्ञान, सेमेस्टर I)
3. स्वाति कुमारी (एमबीए, सेमेस्टर III)
डॉ. आलोक कुमार गुप्ता, डीन-मानविकी और सामाजिक विज्ञान संकाय द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल के विराट जीवन और कर्तृत्व पर एक विशेष व्याख्यान दिया गया। उन्होंने वल्लभभाई पटेल के आधुनिक भारत के स्थापना और सभी रियासतों को एक सूत्र में पिरोने में उनके योगदान पर अपनी बात रखते हुए सरदार पटेल और महात्मा गांधी के सशक्त संबंधों से भी सभी को अवगत कराया। डॉ. राजेश कुमार ने सभी को एकता और अखंडता की प्रतिज्ञा दिलाई। 
कार्यक्रम के दौरान, डॉ. शिवा कुमार के नेतृत्व में परफॉर्मिंग आर्ट्स विभाग के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जिसमें देश भक्ति गीत, नागपुरी लोकगीत गीत और शास्त्रीय गीत ने सभी छात्रों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम के दूसरे भाग में संवाद सत्र का आयोजन हुआ जिसमें पूर्ववर्ती छात्रों ने अपने अनुभवों को साझा किया। पूर्ववर्ती विद्यार्थियों ने नए कैंपस और सीयूजे के विकास को देखकर हर्ष जताया। उन्होंने पूर्ववर्ती छात्र संघ को अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए कुछ सुझाव दिए और अपनी भूमिका को और अधिक मजबूत करने का आश्वासन दिया। डॉ. रमेश ओरांव ने धन्यवाद ज्ञापन देकर सभी को आभार प्रकट किया।
 

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update jharkhand khabar CUJ news CUJ khabar CUJ update