नंदलाल तुरी
पाकुड़ श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, जिला नियोजनालय सह मॉडल करियर सेंटर द्वारा बाजार समिति परिसर में एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला भव्य रूप से आयोजित किया गया। मेले में आठवीं से स्नातक उत्तीर्ण तक के सैकड़ों युवा जोश के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। रोजगार मेले में कुल 23 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। 968 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 327 युवाओं का मौके पर ही चयन किया गया, जबकि 212 अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। इस अवसर पर विधायक निसात आलम, उपायुक्त मनीष कुमार, राजेडी जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया, कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, राजेडी सचिव रंजीत कुमार सिंह और जिला नियोजनालय पदाधिकारी राहुल कुमार उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि पहली नौकरी करियर की शुरुआत मात्र होती है, मंज़िल नहीं। उन्होंने कहा कि अक्सर युवा शुरू में ही अधिक वेतन की अपेक्षा रखते हैं, जबकि सफलता अनुभव और कौशल से मिलती है। हजारों लोग छोटे पद से शुरुआत कर आज उच्च मुकाम पर पहुँचे हैं इसलिए कोई भी नौकरी छोटी नहीं होती। उन्होंने बताया कि कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए सक्षम केंद्र और कौशल विकास केंद्रों को मजबूत किया जा रहा है। जेपीएससी काउंसलिंग 5 दिसंबर से शुरू हो रही है और ‘उड़ान कार्यक्रम’ के तहत उच्च स्तरीय कोचिंग निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। रेलवे, एसएससी, सीडीएस, लोको पायलट आदि परीक्षाओं के लिए भी विशेष प्रशिक्षण चल रहा है। जिले में डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक पुस्तकालय निर्माण का कार्य भी तेजी से हो रहा है।
विधायक निसात आलम ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रदेशभर में रोजगार मेलों का आयोजन इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है। पाकुड़ जिले में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक लगभग 1000 युवाओं को विभिन्न कंपनियों में नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे आयोजनों को और बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि हर योग्य युवा को रोजगार का अवसर मिल सके। विधायक ने सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और ऐसे अवसरों का पूरा लाभ उठाने की अपील की।
.jpeg)