पश्चिमी सिंहभूम
पश्चिमी सिंहभूम के डीसी मनीष कुमार ने बुधवार को प्रोजेक्ट-बचपन; भविष्य की राहें के तहत आयोजित बाल भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लिया. सदर चाईबासा परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र गितिलिपी और किरीगोट में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के साथ उत्सव का माहौल देखने को मिला. कार्यक्रम के दौरान डीसी ने बच्चों से सीधे संवाद किया और मई माह में जन्मदिन वाले सभी बच्चों का सामूहिक रूप से केक काटकर जन्मोत्सव मनाया. छोटे-छोटे बच्चों ने भी कविता और कहानियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे माहौल जीवंत हो उठा.

डीसी ने कहा कि ये नन्हे बच्चे ही देश का भविष्य हैं, इसलिए आंगनबाड़ी स्तर से ही उनके समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन ने हर महीने की 14 तारीख को बाल भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम शुरू किया है, ताकि बच्चों में केंद्र के प्रति लगाव बढ़े और सीखने का वातावरण और बेहतर बने. उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए सकारात्मक और खुशनुमा माहौल तैयार करने पर जोर देते हुए कहा कि पठन-पाठन को प्रभावी बनाने के लिए लगातार नवाचार किए जायेंगे. इस दौरान डीसी ने केंद्र पर चल रहे एएनसी जांच, स्वास्थ्य परीक्षण सहित अन्य सेवाओं का निरीक्षण किया और बच्चों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की. कार्यक्रम के अंत में डीसी ने बच्चों को केक और खीर खिलाकर उनके साथ समय बिताया और इस पहल को बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
