नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले में संचालित विभिन्न कल्याणकारी और विकासात्मक योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त मनीष कुमार ने आज पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के बड़ी अलीगंज और कीताझोर का निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास (शहरी) योजना के तहत लाभ प्राप्त रुबिया सरदार और गुड़िया हेंब्रम के नव-निर्मित आवासों का अवलोकन किया। लाभुकों से बातचीत में उपायुक्त ने आवास की गुणवत्ता, उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और अन्य योजनाओं से मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। लाभुकों ने बताया कि उन्हें सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, साइकिल योजना, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, बिजली और पेयजल सुविधा का भी लाभ मिला है।
उपायुक्त ने लाभुकों को योजनाओं के प्रति जागरूक रहने और अन्य पात्र परिवारों को आवेदन के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सरकारी योजनाएँ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से प्रत्येक पात्र लाभुक तक पहुँचनी चाहिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कीताझोर स्थित अनुसूचित जाति आवासीय प्राथमिक विद्यालय में चल रहे भवन मरम्मत एवं सुधार कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण की प्रगति, सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तकनीकी विनिर्देशों की समीक्षा की। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मरम्मत कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएँ, गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और भवन को सुरक्षित, मानक अनुरूप तथा विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण के साथ तैयार किया जाए।
