नंदलाल तुरी
आम जनमानस की समस्याओं के समाधान और त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार के द्वारा समाहरणालय सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी उपस्थित लोगों की समस्याएं एक-एक करके सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। जनता दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें मुख्यत: जमीन से संबंधित, शिक्षा विभाग, चौकीदार की समस्याएं और अन्य आवेदन शामिल थे।
शिकायतों को सुनने के बाद उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी मामलों की भौतिक जांच करें और उनका समाधान शीघ्रता से करें। इसके साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के अंदर उपायुक्त कार्यालय को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि शिकायतों के निष्पादन में कोई देरी न हो।
