द फॉलोअप डेस्क
आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन हेतु मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित और पुलिस अधीक्षक हरीश बिन ज़मान की संयुक्त अध्यक्षता में विशेष समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले स्तर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की रूपरेखा, तैयारियों की स्थिति, विभागीय दायित्वों का निर्धारण तथा आपसी समन्वय के बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की गरिमा, अस्मिता और बलिदान का प्रतीक पर्व है, जिसे पूरे सम्मान और गरिमा के साथ आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से जुड़े प्रत्येक पहलू को गंभीरता से लिया जाए तथा सभी तैयारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि आयोजन भव्य, अनुशासित और प्रेरणादायक हो।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 15 अगस्त को जिले में ड्राई डे घोषित किया जाए तथा नगर परिषद द्वारा मांस विक्रय पर रोक लगाई जाए ताकि कार्यक्रम की मर्यादा बनी रहे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई, रंग-रोगन, मंच निर्माण, विद्युत व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली एवं सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
बैठक में स्वतंत्रता सेनानियों, आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का भी निर्देश दिया गया। उनके बैठने के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यक सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने पर विशेष बल दिया गया। सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में सजगता बरतने और आपसी समन्वय को मजबूत करने की हिदायत दी गई।
पुलिस अधीक्षक हरीश बिन ज़मान ने परेड की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, अनुशासन बनाए रखने और सभी प्रतिभागियों, विशेषकर स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी पर बल दिया। उन्होंने सिविल सर्जन को कार्यक्रम स्थल पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा की उचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया ताकि आकस्मिक परिस्थितियों से निपटा जा सके। एसडीपीओ को परेड अभ्यास नियमित एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सतर्क बनाए रखने पर भी जोर दिया गया ताकि समारोह शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की विस्तृत रूपरेखा सहायक निदेशक, सामान्य शाखा ललन कुमार रजक ने प्रस्तुत की। उन्होंने ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, माल्यार्पण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पुरस्कार वितरण तथा अन्य कार्यक्रमों के अनुक्रम की जानकारी देते हुए आयोजन से जुड़े विभागों के कार्यों को चिन्हित किया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए, एसडीओ सदर, सिविल सर्जन, कार्यपालक अभियंता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, नगर परिषद प्रतिनिधि, सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी सहित सभी विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वे सौंपे गए कार्यों का गंभीरता से पालन करें और आपसी समन्वय के साथ मिलकर स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल, गरिमामय एवं प्रेरणादायक रूप में संपन्न कराएं।
