logo

साहिबगंज : कारनी नदी में मिला 34 वर्षीय शख्स का शव, छानबीन में जुटी पुलिस

a1712.jpg

साहिबगंज: 

साहिबगंज के बरहड़वा प्रखंड स्थित कोटालपोखर थानाक्षेत्र अंतर्गत ढाटापाड़ा गांव में कारनी नदी से एक व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान जमालपुर गांव निवासी 34 वर्षीय फागु प्रमाणिक के रूप में की गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और छानबीन में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने कारनी नदी के कोसाघाट के निकट शव को देख पुलिस को सूचना दी थी। इधर, शव मिलने की सूचना पर वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। 

पुलिस ने छानबीन शुरू की
कारनी नदी में शव मिलने की सूचना पर कोटालपोखर थाने के एएसआई पृथ्वीराज दल-बल के साथ पहुंचे। इधर, मृतक फागु प्रमाणिक की 28 वर्षीय पत्नी डॉली देवी, 8 वर्षीय बेटे रतन प्रमाणिक और बेटी मनीषा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी डॉली का कहना है कि घर में कमाने वाला एकमात्र सदस्य फागु ही था। उसकी मौत से परिवार पर घोर संकट आ गया है। 

हत्या या हादसा! क्या है मामला
परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी है कि फागु प्रमाणिक का नया पलाशबोना चांदघाट में सैलून था। वो प्रतिदिन सुबह घर से सैलून जाता था और देर रात घर लौटता था। घटना वाले दिन भी वो सैलून गया था लेकिन रात को नहीं लौटा। परिजनों ने अनहोनी की आशंका से उसकी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। आशंका जताई जा रही है कि फागु शराब के नशे में नदी के किनारे गया होगा और शायद डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस अन्य एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।