द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के गिरिडीह जिले में सड़क किनारे से एक युवक का शव बरामद किया गया है। शव जमुआ-देवघर मुख्य मार्ग पर देवरी थाना क्षेत्र स्थित पथराटांड के पास सड़क किनारे से मिला है, जिससे महज ढाई मीटर दूरी पर एक बाइक भी मिली है। वहीं, मृत युवक की पहचान बिहार के चकाई थाना क्षेत्र के घुटिया गांव के रहने वाले कारू राम के रूप में की गई है।मिली जानकारी के मुताबिक, कारू राम अपनी बेटी का बर्थडे मनाने के बाद घर से निकला था। इसके बाद मंगलवार सुबह लोगों ने उसका शव सड़क किनारे पड़ा देखा। इसकी जानकारी पुलिस और मृतक के परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही देवरी थाना के सब इंस्पेक्टर उपेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कारू का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिर मामले की छानबीन में जुट गए। इस मामले में कुछ लोग कारू की मौत को दुर्घटना बता रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। हालांकि, मौत का असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही पता चल पायेगा।