logo

Ranchi : रांची पहुंचा शहीद संदीप कुमार पाल का शव, श्योक नदी में हुए हादसे में गंवाई थी जान

SANDEEP.jpg

रांची: 

लेह-लद्दाख की श्योक नदी में सेना के जवानों को ले जा रही बस गिरने से 7 जवान शहीद हो गये। शहीद जवानों में झारखंड के हजारीबाग जिले का संदीप कुमार पाल भी शामिल है। रविवार को शहीद संदीप कुमार पाल का पार्थिव शरीर रांची एयरपोर्ट पहुंचा। रांची एयरपोर्ट पहुंचने पर राष्ट्रीय युवा शक्ति के कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर शहीद को श्रद्धांजलि दी। 

सड़क मार्ग से हजारीबाग ले गए पार्थिव शरीर
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से शहीद संदीप कुमार पाल का पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से हजारीबाग ले जाया गया। राष्ट्रीय युवा शक्ति के कार्यकर्ता पार्थिव शरीर को ले जा रहे वाहन के साथ-साथ हजारीबाग के लिए निकले। तकरीबन 50 बाइक में कार्यकर्ता शहीद संदीप कुमार अमर रहे, भारत माता की जय और वंदे मातरम का नारा लगाते हुए जा रहे थे। 

लद्दाख की श्योक नदी में जा गिरी थी बस
गौरतलब है कि 2 दिन पहले सेना के जवानों को लेकर जा रही बस, लद्दाख की श्योक नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में 26 जवान सवार थे। इसमें से 7 जवान शहीद हो गये वहीं 19 जवान घायल हो गये। घायलों का इलाज सेना अस्पताल में किया जा रहा है। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारी जांच में जुटे हैं कि हादसा किसी तकनीकी खराबी का नतीजा था या साजिश थी।