logo

सीएम हेमंत सोरेन से दुर्गा पूजा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, पंडालों में आने का न्योता दिया   

cm022.jpg

रांची 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने अवगत कराया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रांची सहित आस-पास के क्षेत्रों में भव्य रूप से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस निमित्त विभिन्न पूजा पंडालों की तैयारी जोरों पर है। मुख्यमंत्री सोरेन से प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने आग्रह किया कि दुर्गा पूजा के आयोजन में लगातार राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का सहयोग पूजा समितियों को प्राप्त होता रहा है। इस वर्ष भी आपके नेतृत्व में राज्य सरकार से पूजा समितियों को सहयोग की काफी अपेक्षाएं हैं। मौके पर पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को मां दुर्गा की प्रतिमा एवं चुनरी भेंट कर सम्मानित किया। उन्हें सपरिवार पूजा पंडालों में भ्रमण कर मां दुर्गा के दर्शन करने हेतु सादर आमंत्रित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी।

पुराना विधानसभा मैदान का मामला उठाया 

मौके पर रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पुराना विधानसभा मैदान में पहली बार दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पूजा पंडाल की स्थापना हेतु एचईसी से भूमि आवंटित कराई गई है, परंतु जिला प्रशासन से अनुमति नहीं लिए जाने के कारण पूजा के आयोजन में थोड़ी समस्या उत्पन्न हो रही है। पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री से अपनी भावना व्यक्त करते हुए वहां दुर्गा पूजा आयोजन की अनुमति मांगी और आग्रह किया कि पूजा के आयोजन में राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन सहयोग करे।

 पूजा समिति के सदस्य बेहतर समन्वय रखें

सोरेन ने रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों से कहा कि पूजा आयोजन समितियों को राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरा सहयोग मिलेगा। मुख्यमंत्री ने पूजा समिति के सदस्यों को दुर्गा पूजा के आयोजन में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा आयोजन के विभिन्न बिंदुओं को मद्देनजर रखते हुए जिला प्रशासन एवं पूजा आयोजन समिति के सदस्य बैठक कर एक बेहतर समन्वय तथा तालमेल बनाते हुए शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी-कभी जिला प्रशासन एवं पूजा समिति के आपसी समन्वय और तालमेल में कमी के कारण समस्याएं उत्पन्न होती हैं। पूजा के आयोजन में व्यवस्थाओं का पूरा ख्याल रखा जाना चाहिए। 


 

Tags - Delegation Durga Puja Committee Hemant Soren Jharkhand News News Jharkhand