logo

झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, जताया आभार

1673.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने गुरूवार को सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की। दरअसल 31 मई 2023 को आयोजित कैबिनेट की बैठक में राज्य सरकार द्वारा झारखंड राज्य पुलिस अवर निरीक्षक सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा नियुक्ति नियमावली (भर्ती पद्धति), 2016 को निरस्त कर दिया गया है। इसको लेकर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल में शामिल पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि कैबिनेट की बैठक में राज्य पुलिस अवर निरीक्षक सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा नियुक्ति नियमावली (भर्ती पद्धति), 2016 निरस्त किए जाने के फैसले से तमाम पुलिसकर्मी काफी खुश हैं। इस निर्णय से 1200 पुलिस कर्मियों का प्रोन्नति का रास्ता साफ हो गया है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने पुलिसकर्मियों को क्षतिपूर्ति अवकाश एवं पुरानी पेंशन की सौगात दी है इसके लिए तहे दिल से पूरी पुलिस एसोसिएशन आपको धन्यवाद देती है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी 15 तारीख को आयोजित होने वाले पुलिस महाधिवेशन में सम्मिलित होन के लिए भी आमंत्रित किया।

पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने का काम कर रही सरकार
एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल से सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार ने पुलिसकर्मियों के कई समस्याओं का निराकरण करने का काम किया है। राज्य पुलिस कर्मियों की मांगों पर उचित निर्णय लेते हुए पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने का काम हमारी सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ-साथ राज्य सरकार के कर्मियों के भी चेहरे पर मुस्कान हो, यह हमारी सरकार की सोच है। आने वाले समय में भी राज्य हित एवं जनहित से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह,  महामंत्री अक्षय राम, उपाध्यक्ष अखिलेश्वर पांडे, अरविंद यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N