द फॉलोअप डेस्क, रांची:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मीडिया सलाहकार अभिषेक प्रसाद पिंटू औऱ साहिबगंज के उपायुक्त रामनिवास यादव की मुश्किलें बढ़ने वाली है। दरअसल, ईडी ने 3 जनवरी को हुई छापेमारी के संदर्भ में अभिषेक प्रसाद पिंटू, रामनिवास यादव, विनोद सिंह और कटोरिया (बिहार) के पूर्व विधायक पप्पू यादव को समन किया है। ईडी ने अभिषेक प्रसाद पिंटू को 16 जनवरी तो वहीं डीसी रामनिवास यादव को 11 और विनोद सिंह को 15 जनवरी को तलब किया है। इन्हें रांची स्थित जोनल ऑफिस में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। गौरतलब है कि 3 जनवरी को तड़के ईडी ने झारखंड, पश्चिम बंगाल और राजस्थान के 12 ठिकानों पर छापा मारा था।

बरामद चीजों को लेकर हो सकती है पूछताछ
गौरतलब है कि ईडी ने साहिबगंज में हुए 1 हजार करोड़ रुपये से अधिक के अवैध खनन के केस में छापेमारी की थी और अब बरामद चीजों को लेकर इनसे पूछताछ करना चाहती है। ईडी ने बताया कि तलाशी के दौरान विभिन्न ठिकानों से आपत्तिजनक डिजिटल उपकरण, दस्तावेज/रिकॉर्ड और नगदी बरामद की गई थी। ईडी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव के कैंप कार्यालय से 7.55 लाख रुपये नगद सहित कुल 36.99 लाख रुपये बरामद किए गए। डीसी के आवासीय परिसर से 9 एमएम बोर के 19 कारतूस, .380 एमएम के 2 कारतूस और .45 पिस्टल का खाली खोखा बरामद किया था। ईडी ने बताया कि सर्च के दौरान 30 बेनामी बैंक खातों का भी पता चला। उन्हें फ्रीज करा दिया गया है। कार्रवाई के बाद ईडी की ओर से बताया गया कि झारखंड में दरअसल 1,250 करोड़ रुपये का अवैध खनन किया गया।

जुलाई 2022 में खुला था अवैध खनन केस
ईडी ने 8 जुलाई 2022 को मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, कन्हैया खुदनिया और दाहू यादव सहित अन्य के ठिकानों पर छापेमारी की थी। ईडी ने साहिबगंज, पाकुड़, राजमहल, मिर्जाचौकी, उधवा, बरहेट में छापेमारी की थी। छापेमारी में ईडी ने 5.35 करोड़ रुपये नगद, 30 करोड़ रुपये की कीमत वाला मालवाहक जहाज और 27 ऐसे बैंक खाते बरामद किए थे जिनमें 11 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जमा थी। ईडी ने इन खातों को फ्रीज कर दिया था। इस केस में ईडी ने कालांतर में सत्ता के करीबी कहे जाने वाले प्रेम प्रकाश के आवास पर भी छापा मारा था जहां डिजिटल उपकरण और दस्तावेज सहित 2 एके-47 राइफल भी मिली थी। 18 जुलाई 2022 को पंकज मिश्रा को गिरफ्तार किया गया था। प्रेम प्रकाश भी इस केस में जेल में है।