logo

कोल्हान पहुंची भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा, देवेंद्रनाथ बोले- JPSC-JSSC की धांधली के खिलाफ अब नया उलगुलान

कोल्हान पहुंची भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा, देवेंद्रनाथ बोले- JPSC-JSSC की धांधली के खिलाफ अब नया उलगुलान

जमशेदपुर:

झारखंड में परीक्षा और भर्ती प्रणाली में आमूल-चूल सुधार की मांग को लेकर निकाली गयी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ 11वें दिन गुरुवार को कोल्हान प्रमंडल पहुंची। आंदोलनकारी देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में निकली इस यात्रा के दौरान जमशेदपुर और सरायकेला के विभिन्न इलाकों में बेरोजगार युवाओं का भारी आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। हाथों में तिरंगा और तख्तियां थामे सैकड़ों युवाओं ने आयोगों की लचर कार्यप्रणाली के खिलाफ जोरदार आवाज बुलंद की।

पूर्वी सिंहभूम में इन जगहों से गुजरी यात्रा
पूर्वी सिंहभूम जिले में दाखिल होते ही यात्रा का काफिला बोड़ाम स्थित निर्मल महतो चौक, जाल्ला कॉलेज, पटमदा और कदमा उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो समाधि स्थल तक पहुंचा। इसके बाद को-ऑपरेटिव कॉलेज, आम बागान मैदान और साकची गोलचक्कर पर सभाएं आयोजित की गईं, जहां बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र जुटे। इस दौरान साकची गोलचक्कर पर भगवान बिरसा मुंडा और आम बागान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।

भर्ती आयोगों पर देवेंद्रनाथ का कड़ा प्रहार
सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने राज्य सरकार और भर्ती आयोगों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी और जेएसएससी की भ्रष्ट व्यवस्था के चलते योग्य अभ्यर्थियों का हक मारा जा रहा है और नौकरियों की बंदरबांट कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही तय होने तक यह आंदोलन जारी रहेगा और इसके लिए राज्यभर में आर-पार की लड़ाई लड़ी जायेगी।

Tags - Jharkhand NewsEast SinghbhumKolhanJPSC-JSSC Reform