logo

डीजी पे सखियों को बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट सखी बनाया जायेगा : शैलेश कुमार सिंह

MEETING_31.jpeg

रांची 
ग्रामीण विकास मंत्रालय (Ministry of Rural Development), भारत सरकार के सचिव शैलेश कुमार सिंह ने आज योजनाओं की समीक्षा के दौरान कहा कि डीजी पे सखियों को बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट (Banking Correspondent) सखी बनाया जायेगा। उन्होंने झारखंड की तारीफ करते हुए कहा यहां बेहतर काम हो रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के भी क्रियान्वयन में तेजी लाने की बात कही। बता दें कि सिंह इन दिनों झारखंड दौरे पर हैं। दौरे के दौरान ग्रामीण विकास विभाग से संबद्ध विभिन्न योजनाएं यथा मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) आदि की समीक्षा की जानी है। 

मनरेगा की प्रगति पर आधारित रिपोर्ट दी 
                                                                                                                                                              समीक्षा बैठक के दौरान मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी मनरेगा की प्रगति पर आधारित प्रस्तुति दी। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में 900 लाख अनुमोदित मानव दिवस के विरुद्ध अब तक 913 लाख मानव दिवस सृजन किया जा चुका है। साथ ही इस वित्तीय वर्ष में 1100 लाख से अधिक मानव दिवस सृजन का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बैठक में शैलेश कुमार सिंह से अनुरोध किया कि मनरेगा के तहत निर्धारित कार्य दिवस की सीमा को बढ़ायी जाए। ताकि झारखंड के मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। कहा कि मनरेगा में बकाया मजदूरी मद एवं सामग्री मद का पैसा दिया जाए।

झारखंड स्टेट लाईवलीहुड प्रमोशन सोसायटी की तारीफ की 

बैठक में शैलेश कुमार सिंह ने झारखंड स्टेट लाईवलीहुड प्रमोशन सोसायटी के कार्यों की सराहना की। उन्होनें ग्राम संगठनों के कार्यों में तेजी लाने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि सखी मंडल की दीदियों को सशक्त आजीविका व उद्यमिता से जोड़ा जायेगा। इसके लिए उन्होंने स्थानीय संसाधनों के आधार पर दीदियों के लिए आजीविका का चुनाव करने की बात कही। बैठक में सीईओ जेएसएलपीएस  संदीप सिंह समेत ग्रामीण विकास विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।