द फॉलोअप डेस्क,रांचीः
धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क दुर्घटना में सरकारी शिक्षक अशरफ अली (36) की जान चली गई। वह अपनी पत्नी जाह्नवी खातून के साथ झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) में शामिल होने के बाद बाइक से बराकर स्थित अपने घर लौट रहे थे। गोपालगंज मोड़ के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अशरफ अली और उनकी पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने अशरफ अली को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी जाह्नवी खातून का इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक, दंपती रविवार को धनबाद के सिटी पब्लिक स्कूल में जेटेट की परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद वे बाइक से बराकर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हुआ।

भागने के दौरान पिकअप ने दूसरे बाइक सवार को भी मारी टक्कर
पहली बाइक को टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उसने रास्ते में एक अन्य बाइक सवार अक्षय चक्रवर्ती को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दूसरी दुर्घटना में अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें भी एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।