logo

धनबाद : तोपचांची में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर महिला की मौत, लोगों ने जाम की सड़क  

DHN_N.jpeg

धनबाद 
सोमवार को धनबाद, तोपचांची थाना क्षेत्र के साहोबहियार में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गयी। घटना साहोबहियार के हाईवे पर घटी है। मृतक महिला साहोबहियार हरिजन टोला निवासी है और उसका नाम बानो देवी (60) बताया जाता है। मृतका लकड़ी लेकर सड़क पार कर रही थी। इसी समय विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।  इससे महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। मृतक महिला का एक बेटा और तीन बेटियां हैं। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी और सड़क जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग और आश्रित को नौकरी की मांग की है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। 


हाईवे पर घंटों रही जाम की स्थिति  

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। भीड़ ने सड़क पर बैठकर आवागमन ठप कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि दिनचर्या के कार्यों को लेकर प्रतिदिन कई बार उनको हाईवो क्रास करना पड़ता है। लेकिन फुटओवर ब्रिज नहीं रहने के कारण सड़क पार करना जोखिम से भरा होता है। फुटओवर ब्रिज नहीं रहने के कारण लगातार बड़ी दुर्घटनाएं घटती हैं।  आये दिन घटनाएं होती रहती हैं। 


अधिकारोयों के आने के बाद समाप्त किया गया जाम 

घटना की सूचना मिलते ही तोपचांची अंचलाधिकारी संजय कुमार सिंह, तोपचांची प्रखंड विकास पदाधिकारी फणीश्वर रजवार, तोपचांची थाना प्रभारी जयराम प्रसाद, विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी, मुखिया अनवर अंसारी घटना स्थल पहुंचे। इन सभी ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत करवाया। घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारियों ने सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाली राशि का आश्वासन पीड़ित परिवार को दिया है।