द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के सभी प्रखंड अध्यक्षों सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी भूपेंद्र मोरवी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना और राज्य से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करना था। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र मोरवी ने झारखंड सरकार द्वारा पेशा कानून लागू किए जाने पर सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह कानून झारखंड के आदिवासी, मूलवासी और ग्रामीण समुदायों के हितों की रक्षा करेगा और उनके अधिकारों को और अधिक सशक्त बनाएगा।
भूपेंद्र मोरवी ने बताया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा, जिसे लेकर संगठनात्मक स्तर पर व्यापक तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड के हर प्रखंड और हर गांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घरों पर पार्टी का झंडा लगाया जाएगा, ताकि पार्टी की विचारधारा और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंच सके। वहीं, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने भी पेशा कानून को एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए झारखंड सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस कानून के लागू होने से स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्राम सभाओं की भूमिका और अधिक सशक्त होगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक के दौरान संगठनात्मक मुद्दों, आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
