द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ समाहरणालय में शनिवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना से संबंधित आवेदनों पर निर्णय हेतु जिला स्तरीय छात्रवृत्ति स्वीकृति एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए एवं जिला कल्याण पदाधिकारी अरुण कुमार एक्का ने समिति को विस्तृत प्रस्तुति देते हुए बताया कि जिले के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ी जाति के छात्र-छात्राओं के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदन तथा सत्यापन की प्रक्रिया विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जा रही है। जिले के सरकारी विद्यालयों से कुल 97,312 छात्र-छात्राओं का डेटा अपलोड किया जा चुका है, जिसमें से 78,903 आवेदनों का INO द्वारा ऑनलाइन सत्यापन पूर्ण कर लिया गया है। समान संख्या में DNO स्तर पर भी सत्यापन सफलतापूर्वक किया गया है। पूर्व में, समिति द्वारा दिनांक 24.10.2025 को 22,407 छात्र-छात्राओं के आवेदनों को अनुमोदित किया जा चुका था।
गहन समीक्षा एवं विस्तृत जाँच के उपरांत, समिति ने 56,496 छात्र-छात्राओं के नए आवेदनों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि स्वीकृत सूची को कोषागार, पाकुड़ से विपत्र पारित कराते हुए DBT के माध्यम से छात्रवृत्ति राशि का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं का समयबद्ध भुगतान विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
