logo

चंदवा अंचल कार्यालय पहुंचीं आयुक्त कुमुद सहाय, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन व राजस्व संग्रहण में तेजी का निर्देश

WhatsApp_Image_2026-05-05_at_4_09_29_PM.jpeg

लातेहार,चंदवा 
प्रमंडलीय आयुक्त श्रीमती कुमुद सहाय आज लातेहार जिले के चंदवा स्थित अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कार्यालय में संधारित विभिन्न दस्तावेजों, अभिलेखों एवं पंजियों का अवलोकन किया तथा कार्यों में पारदर्शिता, तत्परता और जवाबदेही सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे और राजस्व संग्रहण में तेजी के निर्देश
आयुक्त ने विशेष रूप से लंबित प्रमाण पत्रों, दाखिल-खारिज मामलों एवं अन्य राजस्व संबंधी आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए आम जनता को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों को अनावश्यक विलंब का सामना नहीं करना पड़े। इसका ख्याल रखें। राजस्व संग्रहण की समीक्षा करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण में शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और तय समय सीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्ति के लिए ठोस एवं प्रभावी पहल सुनिश्चित की जाए। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि औचक निरीक्षण से कार्यालय कर्मियों में सक्रियता देखी गई। निरीक्षण के दौरान चंदवा के प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री चंदन कुमार एवं अंचल अधिकारी श्री सुमित कुमार झा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Tags - Latehar news Jharkhand administration government inspection revenue department public service delivery