logo

सांसद विष्णु दयाल राम के प्रयासों से मोहम्मदगंज में गरीब रथ एक्सप्रेस का ठहराव स्वीकृत

sghjbyu.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू संसदीय क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम के वर्षों के प्रयासों के फलस्वरूप रांची–नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12877/12878) के मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पर ठहराव को स्वीकृति मिल गई है। इससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। सांसद ने बताया कि शीघ्र ही मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पर विधिवत कार्यक्रम आयोजित कर ट्रेन के ठहराव का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस झारखंड और बिहार के लाखों यात्रियों के लिए जीवनरेखा मानी जाती है। इस ट्रेन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी, मरीज एवं आम यात्री राँची और नई दिल्ली के बीच यात्रा करते हैं। इस महत्वपूर्ण ट्रेन का मोहम्मदगंज स्टेशन पर ठहराव होने से पलामू संसदीय क्षेत्र के मोहम्मदगंज, हैदरनगर और कांडी प्रखंडों के साथ-साथ बिहार सीमा से सटे कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस क्षेत्र से बड़ी संख्या में यात्री नियमित रूप से राँची, नई दिल्ली एवं अन्य महानगरों की ओर यात्रा करते हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम जनता द्वारा लंबे समय से इस मांग को लेकर सांसद को अभ्यावेदन दिए जा रहे थे। ट्रेन के ठहराव से क्षेत्र में कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा, यात्रियों का आर्थिक बोझ कम होगा तथा सीमावर्ती बिहार के ग्रामीण इलाकों को भी सीधा लाभ प्राप्त होगा। सांसद विष्णु दयाल राम ने इस मांग को लेकर लोकसभा में नियम 377 के तहत एवं शून्यकाल में मामला उठाया था। इसके अतिरिक्त उन्होंने मंडल एवं जोनल स्तर की बैठकों में भी इस विषय को प्रमुखता से रखा। साथ ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर तथा व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर ठहराव की मांग की थी। इस उपलब्धि पर सांसद ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता की ओर से हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है।



 

Tags - Latest Palamu News Palamu news Updates latest Palamu News Palamu News Updates latest Palamu news latest Jharkhand news Jharkhand News Updates jharkhand News updates latest jharkhand News latest updates Jharkhand Palamu news Palamu Updates jhar