द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना दुमुहाना मंदिर के पास हुई, जहां संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर अपराधियों ने अचानक फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, जैसे ही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची, वहां मौजूद बदमाशों ने सीधे पुलिस को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं। इस दौरान पतरातू थाना प्रभारी की गाड़ी के शीशे और बंपर में गोली लगी, हालांकि वे सुरक्षित बच गए।

बताया जा रहा है कि एसपी अजय कुमार के निर्देश पर राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। टीम लगातार भुरकुंडा और पतरातू क्षेत्र में छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह इलाके में मौजूद है और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दुमुहाना मंदिर के पास सर्च ऑपरेशन शुरू किया। छापेमारी के दौरान संदिग्ध युवक ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ में सनी सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपनी पहचान ग्राम रेलीगढ़ा निवासी सनी सिंह के रूप में बताई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत सीसीएल अस्पताल, भुरकुंडा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटनास्थल से पुलिस ने दो देसी पिस्तौल, एक मोबाइल फोन और एक लेदर बैग बरामद किया है। मामले की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।