नंदलाल तुरी
ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन पाकुड़ शाखा की ओर से शुक्रवार को स्टेशन परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान यूनियन के सचिव संजय ओझा ने बताया कि आज पाकुड़ शाखा के साथ-साथ पूर्व रेलवे के सभी चारों डिवीजन में धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि यूनियन की प्रमुख मांगों में आठवें वेतन आयोग का गठन, एकीकृत पेंशन योजना में सुधार कर उसे पुरानी पेंशन योजना के समान करना, नए श्रमिक कानून को रद्द करना, सभी रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति, और सेवानिवृत रेलकर्मियों की पुनर्नियुक्ति रोकने की मांग शामिल है।
इसके अलावा, यूनियन ने शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार का अवसर देने, नलहाटी से गुमानी तक और पाकुड़ में नए रेलवे क्वार्टर बनाने, सभी पैनल और पर्यवेक्षक कार्यालयों को वातानुकूलित करने, पाकुड़, दुमका, कुर्चा और कोल साइडिंग में कार्यरत कर्मियों को कोल पायलट भत्ता देने जैसी कई अन्य मांगें भी उठाईं। यूनियन ने विद्युत विभाग (सामान्य) के कर्मचारियों को पोशाक भत्ता और टीआरडी, सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग तथा सटिंग स्टाफ को रिस्क अलाउंस देने की भी मांग की। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि रेलवे का निजीकरण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरना कार्यक्रम में पाकुड़ शाखा के दर्जनों कर्मी उपस्थित थे।
.jpeg)