logo

ED की दबिश : 10 हजार की रिश्वत से शुरू हुई कहानी कैसे 40 करोड़ की जब्ती तक पहुंच गई, जानिए सबकुछ

sc61.jpg

रांची

झारखंड में मंत्री आलमगीर आलम के PS के नौकर के घर से नोटों का अंबार मिला है। चुनावी गहमा-गहमी के बीच ED के छापे में 30 से 40 करोड़ कैश मिलने का अनुमान है। खबर लिखने तक नोटों की गिनती जारी है। दरअसल ये पूरी कहानी महज 10 हजार रुपए की रिश्वत से जुड़ी हुई है। मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक इस मामले में पिछले साल ईडी ने झारखंड ग्रामीण विकास विभाग के चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम के यहां दबिश दी थी। तब वीरेंद्र ने पूछताछ में बताया था कि रिश्वत की राशि ऊपर तक जाती है।

पहली बार आया आलमगीर का नाम 

इस पूछताछ में मंत्री आलमगीर आलम का नाम भी पहली बार सामने आया था। इसके बाद ईडी ने जांच आगे बढ़ाई। कई चरणों की जांच के बाद मामल के तार आलमगीर के पीएस संजीव लाल तक पहुंच गये। नतीजे में आज संजीव लाल और उनके नौकर के घर में ईडी के अधिकारियों ने छापेमारी की। वीरेंद्र राम को फरवरी 2023 में गिरफ्तार किया गया था। वे तब से जेल में बंद हैं। 


बैग, सूटकेस और पॉलिथीन में भरे मिले नोट 

लोकसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी रांची में कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वीरेंद्र राम से जुड़े मामले में झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के पीएस संजीव लाल के घरेलू सहायक के यहां से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। बैग, सूटकेस और पॉलिथीन में भरकर नोटों की गड्डियां रखी गई थीं। अधिकारी घर का कोना-कोना छान रहे हैं। नोटो की गड्डियों का ढेर लगा हुआ है, जिसे देखकर अधिकारी भी चकरा गए हैं, जिन्हें गिनने के लिए मशीनें मंगवाई गई हैं। ईडी के अधिकारियों की ओर से जारी किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि घर में किस तरह से नोटों को रखा गया था। 

पहले की छापेमारी में क्या-क्या मिला था 

PMLA के तहत करीब आधा दर्जन ठिकानों पर रेड डाली गई है। ED की ये कार्रवाई निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम और उनके करीबियों के ठिकानों पर भी हो रही है। ईडी ने कुछ योजनाओं के कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फरवरी 2023 में झारखंड ग्रामीण विकास विभाग के चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम को गिरफ्तार किया था. बीते साल फरवरी में जांच एजेंसी ने वीरेंद्र राम से लंबी पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार किया था। ईडी ने 21 फरवरी 2023 को रांची, जमशेदपुर और झारखंड, बिहार और दिल्ली के कुछ अन्य स्थानों पर सर्च अभियान चलाया था, जिसके बाद उसे पकड़ा था। जांच एजेंसी ने तमाम परिसरों से 30 लाख का कैश, 1.5 करोड़ रुपए के गहने, कई करोड़ की 8 लग्जरी कारें और एसयूवी, मेट्रो और अन्य शहरों में फ्लैट व बंगले जब्त किए थे। 

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -                    

https://chatwhatsappcom/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn

Tags - EDcash recoveredRAIDJharkhand News