द फॉलोअप डेस्क:
हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) के नेतृत्व में चल रही महागठबंधन सरकार को गिराने की साजिश मामले (conspiracy to topple the government) में आज ईडी खिजरी विधायक राजेश कच्छप (Rajesh Kachchh) से पूछताछ करेगी। ED ने विधायक को समन जारी कर आज रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में हाजिर होने को कहा है। जानकारी के मुताबिक उन्हें 11 बजे बुलाया गया है। बता दें कि सोमवार को इसी मामले में जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी से पूछताछ हुई है। इस दौरान जामताड़ा विधायक ने कहा कि वह सरकार गिराने की साजिश मामले में शामिल नहीं थे। न ही उन्होंने सरकार गिराने के लिए खुद या किसी और से अनूप सिंह को पैसे की पेशकश की थी।

तय कार्यक्रम का हवाला देकर 2 हफ्ते का मांगा था समय
जब खिजरी विधायक राजेश कच्छप ईडी दफ्तर जाएंगे तो ईडी यह जानने का प्रयास करेगी कि झारखंड में सरकार गिराने के लिए किसने क्या पहल की थी और इस आरोप में कितनी सच्चाई है। कहा जा रहा है कि विधायक अनुप सिंह से बयान का तीनों विधायकों के बयान से मिलान किया जाएगा। बता दें कि इसी मामले 16 जनवरी को राजेश कच्छप को ईडी ने बुलाया था। जहां वह नहीं गए थे। उन्होंने तय कार्यक्रम का हवाला देकर 2 हफ्ते का समय मांगा। जिसके बाद ईडी ने उन्हें दोबारा समन जारी किया है।

30 जुलाई कैश के साथ पकड़े गए थे
गौरतलब है कि तीनों ही विधायकों को 30 जुलाई को हावड़ा में 49 लाख कैश के साथ पकड़ा गया था। उसके अगले ही दिन बेरमो विधायक अनूप सिंह ने अरगोड़ा थाने में जीरो एफआईआर कराया था। जिसके बाद तीनों को बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में 20 अगस्त 2022 को तीनों को जमानत मिल गई थी। हालांकि, पकड़े जाने के बाद विधायकों ने बताया था कि उनका पैसा वैध था और वे अपने क्षेत्र की महिलाओं के लिए साड़ी खरीदने गए थे। उनका दावा था कि सभी रुपये उसी मद के थे।