logo

होटवार जेल से प्रभात खबर के प्रधान संपादक को मिली धमकी, योगेंद्र तिवारी के नाम पर आया था फोन

aashu.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
प्रभात खबर के प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी को रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (होटवार जेल) से धमकी दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक प्रभात खबर में छपी खबरों का उल्लेख करते हुए योगेंद्र तिवारी नाम से धमकी दी गई है। फोन नंबर- 0651-2911807 से आशुतोष चतुर्वेदी को धमकी दी गई है। इस मामले में वरीय संपादक विजय पाठक ने गृह सचिव, डीजीपी, रांची के डीसी, एसएसपी, कारा महानिरीक्षक और बिरसा मुंडा कारा के अधीक्षक से लिखित शिकायत की है। उन्होंने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की है।

वरीय संपादक विजय पाठक को भी आया फोन
जानकारी के मुताबिक शनिवार को सुबह प्रभात खबर के प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी को मोबाइल फोन पर धमकी दी गई। उनके नंबर पर सुबह 8.28 मिनट पर फोन आया था। धमकी योगेंद्र तिवारी के नाम पर दी गई। कुछ देर बाद वरीय संपादक विजय पाठक के मोबाइल नंबर पर भी फोन आया। उनके नंबर पर सुबह 8.34 बजे से लेकर 8.50 बजे के बीच फोन आया। हालांकि, इस दौरान बात नहीं हो पाई। छानबीन पर पता चला कि बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से फोन किया गया था। 

ईडी अधिकारियों को भी आए थे धमकी भरे फोन
गौरतलब है कि पिछले दिनों बिरसा मुंडा जेल से ईडी अधिकारियों को धमकाने की जानकारी मिली थी। ईडी को इस संबंध में साक्ष्य भी मिले थे। जिन नंबरों से धमकी दी गई थी उनको सर्विलांस पर रखा गया है। ईडी ने अपनी जांच में यह भी बताया था कि ईडी अधिकारियों को झूठे मुकदमों में फंसाने की साजिश रची जा रही थी। नक्सलियों से भी संपर्क साधा गया था। 


शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी न्यायिक हिरासत में है

बता दें कि शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी को बालू तस्करी और अवैध तरीके से शराब का कारोबार करने के मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया था। ईडी ने अपनी चार्जशीट में बताया कि योगेंद्र तिवारी ने अवैध कारोबार के जरिए काफी संपत्ति जुटाई। योगेंद्र तिवारी फिलहाल रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद है। योगेंद्र तिवारी के नाम पर झारखंड के एक बड़े हिंदी दैनिक अखबार के प्रधान संपादक को धमकाने का मामला गंभीर है। पुलिस छानबीन करेगी।