द फॉलोअप डेस्क
लातेहार के बरवाडीह थाना क्षेत्र के मुर्गीडीह गांव में अंधविश्वास और जमीन विवाद के चलते एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या कर दी गयी। मृतक की पहचान गोविंद सिंह के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक हत्या जादू-टोना के शक और जमीन विवाद के चलते की गयी थी।
मिली जानकारी के अनुसार 2 दिन पहले बाल गोविंद सिंह का शव गांव के पास खेत में मिला था। उनके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। पुलिस जांच में पता चला कि गांव के कुछ लोग बाल गोविंद सिंह पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते थे। इसको लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। हत्या की रात बुजुर्ग घर से निकले थे, तभी घात लागाए बैठे बलराम सिंह, लोकेंद्र सिंह, कामेश्वर राम, नेमा भुइयां और संजय सिंह ने मिलकर उनकी हत्या कर दी।
डीएसपी भरत राम ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पांचों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं और उन्होंने अपना गुनाह कबूल भी कर लिया है। उन्होंने बताया कि एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन* किया गया था, जिसने 2 दिनों के भीतर ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया।