द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के कुदागा कला गांव में शनिवार रात एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। गांव के 65 वर्षीय निजामुद्दीन अंसारी की लाश उनके ही घर के पीछे बंद पड़े शौचालय से खून से लथपथ बरामद हुई। मृतक का गला धारदार हथियार से रेत दिया गया था। सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
शुरुआती छानबीन में हत्या की आशंका परिजनों पर ही गई। पुलिस ने मृतक के बड़े बेटे अनीश अंसारी (40) और बहू को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजा गया। ग्रामीणों का कहना है कि निजामुद्दीन अंसारी और उनके बड़े बेटे के बीच जमीन व पारिवारिक विवाद लंबे समय से चला आ रहा था। यह विवाद कई बार थाना, कोर्ट और पंचायत तक पहुंचा, लेकिन हल नहीं निकला। आरोप है कि अनीश अंसारी अक्सर पिता को जान से मारने की धमकी देता था।
घटना के वक्त छोटा बेटा ससुराल गया हुआ था और घर पर केवल निजामुद्दीन मौजूद थे। इसी बीच उनकी हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि जिस शौचालय से लाश बरामद हुई, वह कई सालों से इस्तेमाल में नहीं था। पुलिस के अनुसार, बड़े बेटे के साथ ही मृतक का पोता भी शक के घेरे में है। वह नशे का आदी बताया जा रहा है और फिलहाल फरार है। हालांकि, उसकी बहन का कहना है कि वह तीन दिन पहले गढ़वा मजदूरी करने गया था। थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि हत्या के कारण और आरोपियों की पहचान स्पष्ट करने के लिए सभी पहलुओं पर जांच चल रही है। बहुत जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
