logo

रांची के सोनाहातू में कुएं में गिरा हाथी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी 

sona2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के बुंडू वन प्रक्षेत्र अंतर्गत सोनाहातू थाना क्षेत्र के सारयाद गांव में एक जंगली हाथी के कुएं में गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाथी भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर गांव की ओर आ गया था। इसी दौरान वह एक खुले कुएं में गिर गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।


वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। फिलहाल हाथी सुरक्षित है और उस पर लगातार नजर रखी जा रही है। बचाव कार्य में जेसीबी मशीन, रस्सियों और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही, कुएं के आसपास की मिट्टी काटकर रास्ता बनाने जैसे विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि हाथी को बिना किसी नुकसान के बाहर निकाला जा सके। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उन्हें मुआवजा नहीं दिया जाएगा, वे कुएं को काटने की अनुमति नहीं देंगे। वहीं, घटनास्थल पर जुटी भारी भीड़ को नियंत्रित करना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।


वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और रेस्क्यू अभियान में सहयोग करें। फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि हाथी को कब तक सुरक्षित बाहर निकाला जा सकेगा।