द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल में एक हाथी 30 फीट गहरे कुंए में गिर गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत इस बार की जानकारी वन विभाग की टीम को दी। कुएं में गिरे हाथी को उठाने के लिए वन विभाग की टीम गुरुवार की सुबह अंडा गांव पहुंची। 2 जेसीबी की मदद से हाथी को उठाने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हाथी बुरी तरह से जख्मी हो गया है। हाथी भगाओ दस्ता द्वारा हाथी भगाने के दौरान हाथी 30 फीट कुएं में गिर गया।

2 जेसीबी के सहारे गड्ढा खोदने का काम जारी
घटना सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह थाना अंतर्गत अंडा गांव की है। घटना की जानकारी पाकर वन क्षेत्र पदाधिकारी मनैजर मिर्धा के साथ फारेस्टर व वनकर्मियों का टीम कुंए में गिरे हाथी को निकालने की जुगत में जुट गया है। कुंआ के पास दूर से 2 जेसीबी के सहारे गड्ढा खोदा जा रहा है। 30 फीट नीचे गिरने के कारण दूर से गड्ढा खोदने का काम किया जा रहा है। वहीं वन विभाग ने इसकी सूचना रांची में वरीय पदाधिकारियों को भी दी है। रांची से विशेषज्ञों की रेस्क्यू टीम के अंडा पहुंचने की सूचना है।

पूरी रात चिंघाड़ते रहा हाथी
ग्रामीणों ने बताया कि कुंए में गिरने के बाद हाथी पूरी रात चिंघाड़ते रहा, मानों अपने साथियों को आवाज लगा रहा हो। हाथी की चिंघाड से आसपास के ग्रामीण भयभीत हो गए। जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण कुंए के पास पहुंचे। लोग हाथी को निकालने के लिए तरह-तरह के तरकीब सुझा रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि अपने साथी हाथी को नहीं पाकर हो सकता है कि झुंड के हाथी फिर इस क्षेत्र में पहुंचे. ग्रामीण जंगली हाथियों के झुंड के बार-बार गांव की ओर पहुंचने से भयभीत हैं। बताया जा रहा है कि झुंड में 19-20 हाथी हैं, जिसे हाथी भगाआपे दस्ता के चौका पालना टीम द्वारा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला अंतर्गत मुनीबेड़ा जंगल की ओर खदेड़ा जा रहा था।