logo

चाईबासा के गोईलकेरा में मुठभेड़, सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख भागे नक्सली

a432.jpeg

चाईबासा:

झारखंड के चाईबासा में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। खबरें हैं कि दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चली। आखिर में सुरक्षाबल के जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग निकले। मिली जानकारी के मुताबिक चाईबासा के अति नक्सल प्रभावित गोईलकेरा थानाक्षेत्र अंतर्गत घने जंगलों में यह मुठभेड़ हुई। समाचार लिखे जाने तक सुरक्षाबलों का नक्सलरोधी अभियान जारी था।

 

कोल्हान में शीर्ष नक्सलियों के होने की सूचना
पुलिस मुख्यालय ने बताया कि जानकारी मिली थी कि मिहिर बेसरा, अनमोल, मोछु, चमन, कांडे, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन जैसे शीर्ष नक्सली अपने दस्ते के साथ कोल्हान इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर चाईबासा पुलिस, कोबरा 209, 203 बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की 60 , 157, 174, 193, 134 और 26 बटालियन की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। 

10 अक्टूबर से ही जारी है सुरक्षाबलों का अभियान
पुलिस मुख्यालय के मुताबिक नक्सलियों के खिलाफ तलाशी अभियान 10 अक्टूबर से ही चलाया जा रहा था। इस दौरान चाईबासा के गोईलकेरा थानाक्षेत्र अंतर्गत कुईड़ा, छोटा कुईड़ा, मारादिरी, मेरालगड़ा, हाथीबुरु, तिलयाबेड़ा, बोयपाईससांग, कटम्बा, बायहातु और बोरोय के सीमावर्ती इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया। इसके अलावा टोन्टो थानाक्षेत्र अंतर्गत हुसिपी, राजाबासा, तुम्बाहाका, रेगड़ा, गोबुरू और लुइया के सीमावर्ती इलाकों में भी तलाशी अबियान चलाया गया। इसी दौरान 13 अक्टूबर को सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए नक्सलियों ने बामियाबुरू और तिलयाबेड़ा जंगल के बीच फायरिंग की और आईडी ब्लास्ट भी किया।

 

समाचार लिखे जाने तक जारी था नक्सलरोधी अभियान
नक्सलियों द्वारा की जा रही फायरिंग के बीच जवानों ने मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। पुलिस का कहना है कि सुरक्षाबल के जवानों को भारी पड़ता देख माओवादी घने जंगल का फायदा उठाकर भाग रहे। समाचार लिखे जाने तक नक्सलियों की तलाश जारी थी।