द फॉलोअप डेस्क
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के अंतर्गत पाकुड़ सदर प्रखंड के नवीनगर संकुल स्तरीय महिला प्राथमिक स्वावलंबी सहयोग समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा सोमवार को नशीपुर पंचायत भवन में आयोजित की गई। इस अवसर पर क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों की सखी मंडलों की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित हुईं, जिनसे कार्यक्रम में ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ। सभा में चेंगाडांगा, नशीपुर, नवीनगर, सितापहाड़ी, उदय नारायणपुर, झिकरहाटी (पूर्वी और पश्चिमी) और किस्मत कदमसर पंचायतों की सखी मंडल की दर्जनों महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम का संचालन व्यवस्थित ढंग से किया गया और इसकी अध्यक्षता संकुल संघ अध्यक्ष टुम्पा बीबी ने की। उन्होंने वर्षभर की उपलब्धियों, आय-व्यय और मुनाफे का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इसके साथ ही, आगामी वित्तीय वर्ष के कार्यों की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समिति की मजबूती महिलाओं की एकजुटता पर निर्भर है और हम अपने प्रयासों से आने वाले वर्षों में और बेहतर कार्य करेंगे।
महिलाओं ने साझा की अपनी सफलता की कहानियां
सभा के दौरान, सखी मंडल और ग्राम संगठन की सक्रिय महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। इन कहानियों ने अन्य महिलाओं को प्रेरित किया और यह संदेश दिया कि आत्मनिर्भर बनने की राह में महिला शक्ति किसी से पीछे नहीं है। वहीं, जेंडर सीआरपी ने भी अपने अनुभव साझा किए, जिसमें उन्होंने बताया कि महिलाओं ने सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना करके नई पहचान बनाई है। कार्यक्रम में, उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों, कैडरों और ग्राम संगठन की प्रमुख महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस सम्मान से अन्य महिलाओं में उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ, और उन्होंने आगे और अधिक सक्रिय होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
स्वावलंबन की दिशा में कदम
कार्यक्रम के अंत में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक उमेश कुमार ने जेएसएलपीएस द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सखी मंडल और ग्राम संगठन की नियमित बैठकें पारदर्शिता बनाए रखने और महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अभी भी कई ग्रामीण महिलाएं सखी मंडल से नहीं जुड़ी हैं, और हमें उन्हें जोड़ने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए ताकि वे भी रोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें। प्रबंधक ने यह भी कहा कि आने वाले समय में गांव-गांव जाकर महिलाओं को स्वरोजगार की दिशा में प्रशिक्षित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रमुख रूप से मुखिया सुनिता मुर्मू, डीएम LH विरेंद्र कुमार, बैंक प्रबंधक प्रीतम दत्त, बीपीओ सुभाष कुमार, मोहन साहा, बीएपी साबिना यास्मीन, सामुदायिक समन्वयक सेराजुल शेख, पीआरपी स्वजीत सरकार, लेखापाल ज्योति कुमारी, हबीबुल रहमान सहित कई अधिकारी, पदाधिकारी और ग्रामीण उपस्थित थे।
