logo

भ्रष्टाचार पर EOU की बड़ी कार्रवाई, 14 साल की नौकरी; 2.61 करोड़ की संपत्ति और कैश का जब्त

image_bihar_.jpg

पटना 
बिहार में एक बार फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध इकाई EOU ने जमुई के सरकारी इंजीनियर गोपाल कुमार के पांच ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच में सामने आया है कि इंजीनियर ने अपनी कानूनी कमाई से करीब 81.5% यानी 2.61 करोड़ ज़्यादा की अवैध संपत्ति बनाई है। पटना और जमुई समेत अन्य जगहों पर हुई इस तलाशी में उनके पास से लगभग 40 लाख कैश, 60 लाख से ज़्यादा का सोना, मॉल में दो दुकानें और एक निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत के दस्तावेज़ बरामद हुए हैं। 
14 साल की नौकरी में कई जिलों में रहे तैनात
गोपाल कुमार साल 2008 में बिहार सरकार की सेवा में आए थे। अपने सेवा काल के दौरान वे ग्रामीण कार्य विभाग पटना के अलावा मधेपुरा, मोतिहारी, भोजपुर, आरा, बक्सर और सारण जैसे कई जिलों में तैनात रहे। साल 2022 में उन्हें प्रमोट करके कार्यपालक अभियंता बनाया गया था।

 
घर से मिला 40 लाख का 'कैश' और लाखों के गहने
जब आर्थिक अपराध इकाई की टीम पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित उनके 'जगत विला अपार्टमेंट' वाले फ्लैट पर पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। इंजीनियर के घर से 39.65 लाख रुपये कैश बरामद किए गए। सोना-चांदी: तलाशी में करीब 60.47 लाख रुपये का सोना 424 ग्राम और 1 किलो चांदी मिली है। गहनों के बिल: इसके अलावा 47 लाख रुपए के गहने खरीदने की रसीदें भी हाथ लगी हैं।मॉल में दुकानें और 4 मंजिला मकान
कागजात की जांच में पता चला है कि इंजीनियर गोपाल कुमार ने जमीनों और प्रॉपर्टी में भी भारी निवेश किया है। पटना के सगुना मोड़ पर स्थित जेबी मॉल JB Mall में इनकी 70 लाख की दो कमर्शियल दुकानें हैं। दानापुर बाजार समिति के पास कीमती जमीन पर इनका एक चार मंजिला (G+3) मकान बन रहा है, जिसके दस्तावेज पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। कुल मिलाकर के इंजीनियर गोपाल कुमार के पास से अब तक अपनी वैध आय से 2.61 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति मिलने के पुख्ता सबूत मिल चुके हैं। फिलहाल जांच एजेंसी मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Tags - Bihar Corruption EOU Raid Government Engineer Raid Disproportionate Assets Gopal Kumar Jamui