द फॉलोअप डेस्कः
कोल्हान विश्वविद्यालय के टाटा कॉलेज चाईबासा से 1.58 करोड़ रुपये के अवैध निकासी का मामला प्रकाश में आया है। इससे विश्विद्यालय से संबद्ध प्राप्त सभी कॉलेजों में हड़कंप मच गया है। इधर, मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी कॉलेजों के प्राचार्यों को उनके कॉलेज अकाउंट का ब्योरा जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही चाईबासा के मुफ्फसिल थाना में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ परशुराम सियालनके द्वारा प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। दरअसल, कोल्हान विश्वविद्यालय के टाटा कॉलेज चाईबासा के पंजाब नेशनल बैंक के खाते से फजीं चेक से एक करोड़ 58 लाख 96 हजार 800 रुपये की निकासी कर ली गयी है। घटना 4 फरवरी, 2025 की है। मामला 14 दिन बाद प्रकाश में आया है। जांच में पता चला है कि कॉलेज के अकाउंट (ए) से उक्त राशि का ट्रांसफर दो अलग-अलग बैंकों में हुआ है। इनमें रामगढ़ (झारखंड) स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में शांतु चिन्ता इन्फ्रा प्रइवेट लिमिटेड के खाते में 91 लाख 49 हजार 300 रुपये भेजे गये हैं।
वहीं, कटक (ओडिशा) के राधारानी इंटरप्राइजेज के आइडीएफसी बैंक खाते में 67 लाख 47 हजार 500 रुपये भेजे गये हैं। राशि की निकासी में टाटा कॉलेज के प्रोफेसर इंचार्ज डॉ एससी दास, केयू कै वित्त पदधिकारी डॉ बीके सिंह व वर्तमान कुलसचिव डॉ पीके सियाल के फजी हस्ताक्षर का उपयोग किया गया है। इसकी जानकारी राज्यपाल सचिवालय के ओएसडी (जे) और झारखंड मानव संसाधन विकास विभाग के डायरेक्टर को की गयी है। इस संबंध में टाटा कॉलेज के प्रोफेसर इंचार्ज ने कोल्हान विश्विद्यालय के वित्त पदाधिकारी को लिखित जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कॉलेज के अकाउंट (ए) से उक्त राशि दोनों बैंकों में संबंधित कंपनियों के खातों में भेजे गये हैं। अकाउंट (ए) कॉलेज से संबंधित है, उक्त दोनों भुगतान के बारे में कॉलेज प्रशासन को जानकारी नहीं है। इस संबंध में पूरण ब्योरा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
इधर, केयू के वित्त पदाधिकारी ने पंजाब नेशनल बैंक प्रबंधन को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने को कहा है। वहीं, बिना जांच के उक्त राशि की निकासी की बात कही गयी है। इस प्रकार का कोई चेक विश्वविद्यालय से निर्गत नहीं किया गया है, उक्त राशि को तत्काल वापस करने को कहा गया है। वहीं, अपने स्तर पर एफआइआर दर्ज कराने का निर्देश दिया है, जिन बैंकों में राशि ट्रांसफर किया गया है, उसकी शाखा को अविलंब सूचित करते हुए सभी लेने-देन को बंद करने के लिए कहा गया है। दूसरी ओर मंगलवार की शाम कॉलेज के एकाउंट की जांच की गयी है। कोल्हान विवि के प्रभारी कुलपति हरि कुमार केसरी के निर्देश पर पूर्व कुलसचिव सह सोशल साइस के डीन डॉ राजेन्द्र भारती, वर्तमान कुलसचिव डॉ पी सियाल व वित्त पदधिकारीडॉ बीके सिंह ने सीसीटीवी फुटेज व बैंक खाते से संबंधित कागजात की जांच की।