logo

गिरिडीह में जाली नोट गिरोह का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार; 45 हजार के नकली नोट बरामद

JAMUA.jpg

गिरिडीह
गिरिडीह पुलिस को बुधवार रात बड़ी सफलता मिली, जब जाली नोट खपाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक को 15 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे गुप्त सूचना मिली कि जमुआ थाना क्षेत्र के चितरडीह रोड में नकली नोट गिरोह सक्रिय है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (खोरीमहुआ) राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया।
टीम ने चन्दा मोड़ के पास सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा गया। पुलिस वाहन देखते ही वे भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से दो युवकों को पकड़ लिया गया, जबकि दो मौके से फरार हो गए।


गिरफ्तार युवकों की पहचान अभिषेक कुमार राणा और नितीन कुमार के रूप में हुई। वहीं फरार आरोपियों के नाम योगेश मंडल और राज उर्फ राजेश मंडल बताए गए हैं, जो हिरोडीह थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
तलाशी में अभिषेक कुमार राणा के पास से 45 हजार रुपये के जाली नोट, एक मोबाइल फोन और यामाहा FZS मोटरसाइकिल (नंबर JH11AK 4856) बरामद की गई। नितीन कुमार से भी एक मोबाइल फोन मिला। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे नकली नोट को अलग-अलग इलाकों में खपाने का काम करते हैं।
पुलिस ने सभी बरामदगी को जब्त कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। वहीं फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में छापामारी जारी है। इस कार्रवाई में जमुआ थाना प्रभारी मणिकान्त कुमार, धनवार थाना प्रभारी सत्येन्द्र कुमार पाल, घोड़थम्भा ओपी प्रभारी धमेन्द्र कुमार अग्रवाल, हिरोडीह थाना प्रभारी महेश चन्द्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News