द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह और हजारीबाग जिले की सीमा पर स्थित चलपनिया और आठमाइल इलाके में रांची उत्पाद विभाग के आयुक्त के निर्देश पर की गई सघन छापेमारी में नकली विदेशी शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। रांची उत्पाद विभाग के इंटेलिजेंस विंग को यहां बड़े पैमाने पर नकली शराब निर्माण की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। जांच में खुलासा हुआ कि इसमें झारखंड और उत्तर प्रदेश सरकार के नकली होलोग्राम का इस्तेमाल किया जा रहा था। यहां से तैयार शराब की तस्करी बिहार, झारखंड और अन्य राज्यों में की जा रही थी। छापेमारी कृष्णा साव के घर में की गई, जहां भारी मात्रा में तैयार शराब के साथ लगभग 4000 लीटर स्पिरिट, शराब निर्माण उपकरण और नकली होलोग्राम बरामद किए गए हैं। जब्त शराब और स्पिरिट की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है।
