logo

गढ़वा : आदमखोर तेंदुआ को मारने के लिए हैदराबाद से आएंगे फेमस शूटर नवाब शपथ अली खान 

nawab1.jpg

गढ़वा: 

बच्चों का शिकार कर रहे तेंदुआ को आधिकारिक रूप से आदमखोरघोषित कर दिया गया है। तेंदुआ को मारने के लिए शूटर बुलाया जा रहा है। इसके लिए हैदराबाद के चर्चित जंगली जानवरों के शूटर नवाब शपथ अली खान से संपर्क किया गया है। कहा जा रहा है कि वह एक सप्ताह के अंदर आ जाएंगे। दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी शशि कुमार ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यप्राणी सह मुख्य वन्यप्राणी प्रतिपालक रांची को इसको लेकर पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा है कि लोगों को मारने वाला तेंदुआ व्यस्क है। उसे केज, जाल आदि लगाने एवं कैमरा ट्रैप व ड्रोन का इस्तेमाल करने के बाद भी पकड़ने में सफलता नहीं मिली। इसलिए वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा दो (वन) ए के तहत उसे मारने की अनुमति दी जाये। 


13 दिसंबर से मचा रहा है आतंक 
मालूम हो कि 13 दिसंबर से लगातार तेंदुआ जिले में आतंक मचाये हुए है। उसने अब तक तीन बच्चों की हत्या की है। इसके अलावा कुछ लोग को घायल भी कर चुका है। कई पशुओं को वह जख्मी भी कर चुका है। गुरुवार को वन प्रमंडल पदाधिकारी दक्षिणी शशि कुमार ने मृतक बच्चों के परिजनों को चेक के माध्यम से चार-चार लाख रूपये का मुआवजा भुगतान किया। मालूम हो कि बुधवार की रात रमकंडा थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्चे हरेंद्र घासी को अपना शिकार बनाने के बाद ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त हो गया है।