logo

शर्मनाक : 5 साल की मासूम बेटी को पिता ने उतारा मौत के घाट, कोयल नदी से शव बरामद

koyal_ndiii.jpg

पलामूः
पांकी थाना क्षेत्र के तेतराई से लापता बच्ची का शव शुक्रवार की सुबह मेदिनीनगर की कोयल नदी से बरामद किया गया। सुबह करीब छह बजे शव मिलने की सूचना पर शव देखने वालों की भीड़ लग गयी। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी अरुण महथा, चैनपुर थाना प्रभारी उदय गुप्ता ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पहले तो शव की पहचान नहीं हो पायी। तभी पुलिस को मालूम हुआ कि तेतराई से एक बच्ची लापता है।


पिता के साथ देखी गयी आखिरी बार 
लापता बच्ची के परिजनों को सूचना दी गयी। शव देखते ही बच्ची के दादा सतानंद सिंह ने बताया कि शव उसकी पोती संजना कुमारी का है। दादा के अनुसार संजना गुरुवार की दोपहर तीन बजे से लापता थी। दादा ने पुलिस को बताया कि ग्रामीणों ने उन्हें जो बताया है कि संजना अपने पिता के साथ आखिरी बार देखी गयी थी।


पारिवारिक विवाद में हत्या 
शहर थाना प्रभारी अरुण माहथा ने बताया कि बच्ची की हत्या उसके पिता आनंद सिंह ने ही की थी। हत्या का कारण घर में चल रहा पारिवारिक विवाद है। इसी विवाद में पिता ने अपनी बेटी की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को कोयल नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।