रांची:
जीएसटी समेत व्यापारियों से जुडे विभिन्न मुद्दों पर कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इण्डिया ट्रेडर्स के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खण्डेलवाल समेत अन्य अधिकारियों ने आज चैंबर भवन में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के साथ बैठक की। बैठक के दौरान जीएसटी की विसंगतियों पर विस्तार से चर्चा के साथ ही हालिया संशोधनों से व्यापारियों के समक्ष होनेवाली कठिनाईयों पर चर्चा की गई।

जीएसटी कानून के सरलीकरण की मांग
कैट के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खण्डेलवाल ने कहा कि जीएसटी लागू किये 5 वर्ष बीत गये, इस दौरान सरकार के साथ ही स्टेकहोल्डर्स को इसके कई खट्टे-मीठे अनुभव हुए। क्यों नहीं दोनों के अनुभव के आधार पर अब जीएसटी को नये सिरे से परिभाषित किया जाय और जीएसटी कानून को सिम्लीफाइड किया जाय ताकि एक छोटा से छोटा व्यापारी भी जीएसटी रिटर्न भर सके। इससे सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जीएसटी को लागू करते समय जो बातें कही गई थीं, आज उसके विपरीत इस टैक्स व्यवस्था को जटिल बना दिया गया है। वर्तमान व्यवस्था में जीएसटी रिटर्न फाइल करना एक सामान्य व्यक्ति की बात नहीं रह गई है। जब जीएसटी कलेक्शन में नित्य वृद्धि हो रही है तब ऐसे समय में जब महंगाई चरम पर है, फूडग्रेंस पर 5 फीसदी जीएसटी लगाये जाने की आवश्यकता नहीं थी।
देश भर के व्यापारियों की ओर से मिल रही शिकायत के आधार पर कैट द्वारा आगामी 16 अगस्त से जीएसटी की जटिलताओं के विरूद्ध आंदोलन शुरू किया जा रहा है। उन्होंने इस मुहिम में फेडरेशन चैंबर को शामिल होने की अपील की।

व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं का निराकरण जरूरी
चैंबर अध्यक्ष धीरज तनेजा ने जीएसटी की जटिलताओं के विरूद्ध चलाये जाने वाले कैट की इस मुहिम में शामिल होने की सहमति जताई। साथ ही उन्होंने कैट के राष्ट्रीय महासचिव के आग्रह पर यह भी आश्वस्त किया कि 31 मार्च 2023 के पूर्व राजधानी रांची में फेडरेशन चैंबर और कैट के संयुक्त तत्वावधान में स्टेकहोल्डर्स का राज्यस्तरीय अधिवेशन आयोजित किया जायेगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि व्यापार जगत से जुडी समस्याओं के समाधान हेतु फेडरेशन चैंबर और कैट आपसी समन्वय से प्रयास करेंगे ताकि व्यापारी कानूनी जटिलताओं से हटकर, अपने व्यापार को गति दे सकें।

जीएसटी पर बुलाई कई बैठक में शामिल हुए कई लोग
बैठक के दौरान कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अर्जुन प्रसाद जालान, चीफ एक्जिक्यूटिव चेयरमेन ब्रजमोहन अग्रवाल, राष्ट्रीय सचिव सुरेश सोंथालिया, सुरेश पाटोदिया एवं राष्ट्रीय तकनीकी प्रमुख राजीव मल्लिक ने भी अपने विचार रखे। अर्जुन प्रसाद जालान ने व्यवसायियों से अपील करते हुए कहा कि व्यापारियों के संकटों का समाधान कराने के लिए व्यापारी कैट को मजबूती दें।
बैठक में चैंबर महासचिव राहुल मारू, सह सचिव विकास विजयवर्गीय, रोहित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनीष सर्राफ, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, नवजोत अलंग, आदित्य मल्होत्रा, किषोर मंत्री, अनिश बुधिया, अमित शर्मा, वरूण जालान, पूर्व अध्यक्ष मनोज नरेडी, दीपक मारू, प्रवीण जैन छाबडा, सदस्य साहित्य पवन, विक्रम खेतावत, ब्रजेश कुमार, प्रमोद सारस्वत, शंभू गुप्ता, हरि कनोडिया, रोहित पोद्दार, संजय अखौरी, अमरचंद बेगानी, हैप्पी किंगर, विक्रम जैन, शषांक भारद्वाज, अषोक मंगल के अलावा काफी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।