द फॉलोअप डेस्क
प्रदेश राजद कार्यालय में आज राजद नेता कैलाश यादव और अन्य नेताओं ने एक बैठक आयोजित की और तेजस्वी यादव के पोस्ट पर एफआईआर करने वाले भाजपा नेताओं की कड़ी निंदा की। प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने जानबूझकर तेजस्वी यादव की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया है।
कैलाश यादव ने कहा, "तेजस्वी यादव बिहार के सबसे जनप्रिय और देश के सर्वोत्तम लोकप्रिय युवा नेता हैं। उन्होंने हमेशा बिहार की जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उनकी आवाज हमेशा मजबूत रही है।"
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बार चुनावी भाषण दिए और विपक्ष को नीचा दिखाने का प्रयास किया। कैलाश यादव ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने मोतिहारी में किए गए वादों को याद करते हुए कहा था कि अगली बार वह मोतिहारी आकर चीनी मिल से चाय पिएंगे और 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे, लेकिन आज तक उन वादों का कोई असर नहीं हुआ।"
प्रदेश राजद प्रवक्ता ने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव के पोस्ट का प्रदेश राजद समर्थन करता है, क्योंकि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में नया उद्योग स्थापित करने के बजाय पुराने उद्योगों को बंद कर दिया। "भाजपा को अब बड़का झूठा पार्टी और भारत जलाओ पार्टी करार देते हुए कैलाश यादव ने कहा कि भाजपा की कार्यशैली और डबल इंजन सरकार के खिलाफ कई मुद्दों का खुलासा जल्द किया जाएगा।"
कैलाश यादव ने यह भी याद दिलाया कि महागठबंधन सरकार के दौरान तेजस्वी यादव ने 17 महीने में 5 लाख नौकरियां दी थीं और सीतामढ़ी रीगा चीनी मिल को भी फिर से शुरू कराया था। बैठक में सुनीता चौधरी, विश्वनाथ राम, घूरा राजेश रौशन, रामकुमार यादव, सुधीर गोप समेत अन्य नेता भी मौजूद थे।
