logo

जामताड़ा के दो अस्पतालों पर FIR, आयुष्मान योजना में लाखों का फर्जीवाड़ा

वहल्ह1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा शहर के सिटी हॉस्पिटल और मंगलम नेत्रालय में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जामताड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू के आवेदन पर दोनों अस्पतालों के एमडी और प्रबंधन के खिलाफ लाखों रुपये के वित्तीय फर्जीवाड़े का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में कांड संख्या 38/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, उपायुक्त रवि आनंद के नेतृत्व में 24 मार्च को एक जिला स्तरीय टीम ने दोनों अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया था। जांच में आयुष्मान भारत योजना और जिला अंधापन नियंत्रण समिति के फंड में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी सामने आई। इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनंत कुमार की अध्यक्षता में एक विशेष टीम गठित कर विस्तृत जांच कराई गई। एसडीओ द्वारा उपायुक्त को सौंपी गई जांच रिपोर्ट के आधार पर सीओ को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया। इसी के तहत दोनों संस्थानों के एमडी और प्रबंधकों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।


जांच में अस्पतालों के दावों और वास्तविक रिकॉर्ड में भारी अंतर पाया गया। सिटी हॉस्पिटल ने जून से अगस्त 2025 के बीच 1,098 ऑपरेशन करने का दावा करते हुए करीब 21.96 लाख रुपये का क्लेम किया था, जबकि जब्त दस्तावेजों के अनुसार मार्च 2025 से मार्च 2026 तक पूरे वर्ष में केवल 628 ऑपरेशन का ही रिकॉर्ड मिला। इससे करीब 6 लाख रुपये के फर्जी क्लेम की पुष्टि हुई। वहीं, मंगलम नेत्रालय द्वारा भी लगभग 2.70 लाख रुपये का संदिग्ध क्लेम किए जाने का मामला सामने आया है। नियमों के अनुसार भुगतान के लिए मरीजों के नाम और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होता है, लेकिन जांच के दौरान उपायुक्त द्वारा जब इन नंबरों पर संपर्क किया गया तो अधिकांश नंबर फर्जी या गलत पाए गए।


औचक निरीक्षण के दौरान सिटी हॉस्पिटल में डॉक्टर अनुपस्थित मिले और वहां संचालित मेडिकल दुकान का लाइसेंस भी वैध नहीं पाया गया। दूसरी ओर, मंगलम नेत्रालय में कोई मरीज मौजूद नहीं था, जबकि मधुपुर सिटी हॉस्पिटल बंद मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए सिटी हॉस्पिटल को सील कर दिया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और आगे और भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।